राम दरबार सिक्का खरीदने के नाम पर 30 हजार रुपये की ठगी करने वाले 04 आरोपी गिरफ्तार।
रक्षा मंत्रालय का फर्जी परिचय पत्र बनाकर जाली दस्तावेज भी जब्त किया गया।
सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस की
कार्यवाही, फर्जी दस्तावेज, नकली पहचान पत्र, वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त।
श्रीमान पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक साइबर नोडल अधिकारी श्री दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में जिले में धोखाधड़ी एवं साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस द्वारा धोखाधड़ी के एक मामले का खुलासा करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 28.05.2026 को प्रार्थी राजुराम कुमेटी निवासी ग्राम कामतेड़ा, जिला कांकेर द्वारा थाना सिटी कोतवाली कांकेर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई। शिकायत में बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर स्वयं को अविनाश तिवारी बताया तथा उसे कृषि विज्ञान केंद्र सिगारभाट के पास बुलाया। आरोपी ने राम, सीता एवं लक्ष्मण अंकित विशेष सिक्के को विदेश में ऊंचे दामों में बेचकर भारी मुनाफा कमाने तथा प्राप्त राशि को आपस में बांटने का लालच दिया। इस झांसे में आकर प्रार्थी से 30,000 रुपये प्राप्त कर धोखाधड़ी की गई।शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 182/2026 धारा 318(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों की जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। पतासाजी के दौरान ग्राम बाबूसाल्हेटोला क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों के मिलने की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अविनाश तिवारी उर्फ सोहन साहू सहित उसके तीन अन्य साथियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सोहन साहू उर्फ अविनाश तिवारी, गन्नु राम नेताम, तामेश्वर सिंह नाग एवं जितेन्द्र शार्दुल बताया तथा प्रार्थी के साथ धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, लैपटॉप, फर्जी आधार कार्ड, रक्षा मंत्रालय (Ministry of Defence) का फर्जी परिचय पत्र, एश्वर्या कदम के नाम से तैयार जाली दस्तावेज, अविनाश तिवारी के हस्ताक्षरयुक्त बैंक चेक, 02 तांबे के राम दरबार सिक्के, 02 बजरंगबली सिक्के, तीन छोटी पेटियां, एक सफेद रंग की कार क्रमांक CG-22-AB-9990 एवं एक मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-QJ-8943 बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।
विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 319(2), 336(3) एवं 340(2) बीएनएस की धाराएं भी जोड़ी गईं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. सोहन साहू उर्फ अविनाश तिवारी, उम्र 47 वर्ष, निवासी मैनपुर, जिला गरियाबंद।
2. गन्नु राम नेताम, उम्र 51 वर्ष, निवासी मैनपुर, जिला गरियाबंद।
3. तामेश्वर सिंह नाग, उम्र 54 वर्ष, निवासी कोदाभाट, थाना कांकेर।
4. जितेन्द्र शार्दुल, उम्र 27 वर्ष, निवासी बांसकोट, जिला कोंडागांव।
सराहनीय भूमिका:-
इस कार्यवाही में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक यशवंत श्याम, प्रधान आरक्षक गीतेश्वर कुलदीप, आरक्षक लक्ष्मण भास्कर एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के चावल खींचने वाले सिक्के, दुर्लभ सिक्कों की खरीद-फरोख्त, सोना दोगुना करने अथवा अत्यधिक मुनाफे का लालच देने वाले व्यक्तियों के झांसे में न आएं।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध संबंधी सूचना तत्काल जिला पुलिस की अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।
बस्तर संभाग हेड
अर्जुन देवांगन
9424287527